गुड़गांव के एमजी रोड स्थित एमजीएफ मॉल में देररात एक बार में पार्टी कर रहे दो मारुति कर्मियों के साथ हुई कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने मिलकर मारपीट कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। देररात हुई घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर शुक्रवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मारुति कंपनी में एचआर कर्मचारी विजय कमल और उसका सहकर्मी इंजीनियर राहुल एमजीएफ मॉल स्थित बार में पार्टी के लिए आए थे। दोनों ने यहां पर ड्रिंक ली इस दौरान यहां पर कुछ युवक भी पार्टी कर रहे थे।
पढ़ें-डीयूः चुनाव के दौरान महिला छात्र नेता पर हमला
शराब के नशे में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। जिसके बाद उन युवकों ने मिलकर दोनों के साथ मारपीट कर दी। बताया जा रहा है कि युवकों के पास चाकू और बंदूक भी थी। वारदात के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए।
देररात हुई घटना के बाद डीएलएफ फेज दो थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवकों के बयान पर दिल्ली के चाणक्यपुरी निवासी दीपक राज नामक युवक को नामजद करते हुए मामला दर्ज कर लिया। मारुति कर्मचारियों के होने की बात के बाद कंपनी की तरफ से कई अधिकारी पुलिस के पास पहुंचे।
पढ़ें-खुलासाः सोशल मीडिया के चलते फैला ये आतंक
शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को अबतक मारपीट का कारण नहीं पता चल पाया है। रिमांड पर लेकर आरोपी से उसके साथियों के बारें में भी जानकारी जुटाई जा रही है। डीएलएफ फेज दो थाना प्रभारी के अनुसार अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।