स्टेडियम के पास टेलीकॉम कंपनी के डायरेक्टर से हुई लूट की घटना जांच में संदिग्ध पाई गई है। पुलिस डायरेक्टर से पूछताछ करेगी। यदि मामला फर्जी पाया गया तो कार्रवाई होगी।
सेक्टर-24 पुलिस के अनुसार, 30 नवंबर को दिल्ली निवासी अजीत मौर्य ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 नवंबर को बाइक सवार ने उसे नोएडा स्टेडियम के पास बंधक बनाकर ऑल्टो कार, मोबाइल और 10 हजार रुपये लूट लिए थे।
पुलिस को जांच में पता चला कि टेलीकॉम कंपनी के डायरेक्टर ने नोएडा के सेक्टर-63 में शराब पी थी और यहां से दिल्ली गया था। जहां डिवाइडर से कार टकरा गई थी। धौला कुआं पुलिस ने कार को लावारिस में दाखिल कर लिया था।
रविवार को पुलिस दिल्ली से कार लेकर आएगी। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कराने वाले डायरेक्टर से पूछताछ होगी। मामला फर्जी पाए जाने पर गलत सूचना देने का मामला दर्ज होगा। वहीं, पुलिस सूत्रों की माने तो अजीत की कार हादसे के बाद पुलिस ले गई थी।
दो दिन बाद जब उन्होंने कार तलाश की तो पता नहीं चला। एक अधिवक्ता ने उसे यह योजना बताई कि दिल्ली पुलिस तो रिपोर्ट दर्ज करेगी नहीं, लेकिन नोएडा में घटना बताकर पुलिस को शिकायत दे दो। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर लेगी और कार को तलाश कर देगी, इसलिए दिल्ली से नोएडा आकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सेक्टर-24 थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जांच में पता चला है कि हादसे के बाद कार को दिल्ली की सड़क पर छोड़ दिया गया था। यदि लूटपाट की घटना फर्जी पाई गई तो अजीत के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।-दिनेश यादव, एसपी सिटी