फतेहपुरबेरी थाना इलाके में एक झपटमार ने 12 वर्ष के लड़के से मोबाइल छीन लिया। बदमाश की स्कूटी का रंग पीला था। पीले रंग के चलते बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गया। साथ ही बदमाश सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया था। पुलिस ने बदमाश की गिरफ्तारी से झपटमारी की दो वारदातों का खुलासा करने का दावा किया है।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल ठाकुर के अनुसार आया नगर में रहने वाला एक 12 वर्ष का लड़का छह जुलाई को पास में स्थित दुकान पर जा रहा था। तभी स्कूटी पर युवक आया और उसका मोबाइल छीनकर ले गए। मामला दर्जकर फतेहपुरबेरी थानाध्यक्ष दलीप कुमार की देखरेख में हवलदार जसवीर व सिपाही संदीप की टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। सीसीटीवी व स्थानीय इनपुट्स से पता लगा कि आरोपी पीले रंग की स्कूटी से आया था। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी जौनापुर गांव निवासी वीरपाल(24) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से छीने गए दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपी मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान पर काम करता था। आरोपी के खिलाफ पहले से लूट का एक मामला दर्ज है।