उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में शनिवार शाम दिल्ली पुलिस के सिपाही ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक की शिनाख्त अमित कुमार खोखर (30) के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है।
नोट में अमित ने परीक्षा खराब होने और सिर में तेज दर्द की बात लिखी है। जिला पुलिस उपायुक्त जतिन नरवाल ने बताया कि पिछले रविवार को अमित ने यूपीएससी की परीक्षा दी थी। परीक्षा खराब होने की वजह से वह काफी हताश था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि इसी वजह से उसने मौत को गले लगा लिया। पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुराड़ी थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
डेमो
- फोटो : डेमो
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से गांव छपरौली जिला बागपत का रहने वाला अमित वर्ष 2010 में दिल्ली पुलिस में सिपाही भर्ती हुआ था। परिवार में माता-पिता के अलावा पत्नी व दो बच्चे हैं। फिलहाल अमित की तैनाती चौथी बटालियन में थी। अमित ड्यूटी के साथ ही यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। अमित का बचपन का दोस्त बुराड़ी इलाके में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा था।
पिछले कुछ दिनों से अमित ने यूपीएससी की तैयारी के लिए छुट्टी ली हुई थी। पिछले सप्ताह वह परीक्षा देने के लिए अपने दोस्त के कमरे पर ही आ गया था। रविवार को उसकी परीक्षा ठीक नहीं हुई थी, जिसके बाद से वह काफी हताश था। शनिवार को उसका दोस्त किसी काम से बाहर गया था। इस बीच शाम करीब 4.00 बजे उसने फांसी लगा ली। घर पहुंचने पर दोस्त ने उसे फंदे से लटका देखा।
फौरन फंदे से उतारकर उसे नजदीकी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस को मृतक के पास से हिंदी में लिखा एक पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ। पुलिस ने परिजनों को मामले की सूचना दे दी है। रविवार को परिजनों के आने के बाद अमित के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस अमित की सिर की बीमारी का भी पता लगाने का प्रयास कर रही है।