नई दिल्ली की गीता कॉलोनी इलाके में होटल व्यवसायी ने सिपाही से खाने के पैसे मांगे तो उसने साथी पुलिसकर्मियों को बुला लिया। इन लोगों ने मिलकर खूब हंगामा किया।
छानबीन के बाद गांधीनगर थाने के एक सिपाही को निलंबित कर लाइन में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक झील खुरेंजा में सुनील कुमार जैन खाने का होटल चलाते हैं।
पढ़ें:दिल्ली पुलिस के सिपाही की गोली मारकर हत्या
सुनील का आरोप है कि रविवार रात को गांधीनगर थाने में तैनात सिपाही आकाश अपने साथी के साथ ढाबे में आया। खाना खाने के बाद जब आकाश से रुपये मांगे गए तो उसने अंजाम भुगतने की धमकी दी। उसने कुछ और पुलिसकर्मियों को बुला लिया।
बात बढ़ती देखकर भीड़ भी इकट्ठा हो गई। मामले की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अजय कुमार ने आरोपी सिपाही आकाश को सस्पेंड कर दिया। बाकी पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की जा रही है।