कीर्ति नगर इलाके में बदमाशों ने पहले डिलीवरी ब्वॉय को रोकने का प्रयास किया और जब वह नहीं रूका तो बाइक से पीछा कर उसकी स्कूटी, नकदी व अन्य सामान लूटकर फरार हो गये। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
प्रदीप कुमार(28) उत्तम नगर इलाके में रहता है और खाना सप्लाई करने वाली कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है। 24 जून की देर रात वह नारायणा गांव का आर्डर सप्लाई कर स्कूटी से विकास नगर की ओर जा रहा था। मायापुरी की ओर जाने वाली सड़क पर तीन चार लड़के बाइक के पास खड़े थे। उसके पास पहुंचते ही लड़कों ने आवाज लगाकर उसे रूकने के लिए कहा।
लेकिन प्रदीप अनसुना कर वहां से चला गया। तभी सभी लड़के उसका बाइक से पीछा करने लगे और मायापुरी प्लाईओवर पर उसे रोक लिया। उसके बाद बदमाश उसके साथ मारपीट कर नकदी, आधारकार्ड, डीएल के अलावा अन्य कागजात छीन लिए और फिर धक्का देकर उसकी स्कूटी लूटकर फरार हो गये। प्रदीप ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद मामला दर्ज कर लिया।