एमजी रोड (महरौली-गुड़गांव रोड) पर सोमवार सुबह एक अफ्रीकी नागरिक का शव संदिग्ध हालात में बरामद हुआ। 30-35 साल उम्र के युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस को शव पर किसी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
शव पोस्टमार्टम के लिए एम्स मोर्चरी भेजा गया है। शव के फोटो खींचकर पहचान के लिए विभिन्न अफ्रीकी दूतावासों में भेजे गए। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त रोमिल बानिया ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 7:40 बजे पुलिस को महरौली इलाके में अहिंसा स्थल के पास डीडीए के जंगल में विदेशी का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी।
पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव पर चोट के कोई निशान नहीं मिले। उसकी जेब से कोई पहचान का भी कोई कागज नही मिला। पुलिस आसपास अफ्रीकी नागरिकों के ठिकानों पर भी छानबीन कर रही है।