वेलकम इलाके में युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वेस्ट गोरखपार्क स्थित नाले में सोमवार सुबह बोरे के अंदर तीन टुकड़ों में शव बरामद हुआ। करीब 25 से 30 साल के युवक की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। आशंका है कि गला रेतने के बाद युवक को टुकड़ों में तब्दील किया गया। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि वेस्ट गोरखपार्क स्थित गली नंबर-6 के पास नाले में बोरे के अंदर लाश है।
बोरे से खून भी बह रहा है। वेलकम थाने के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बोरे को नाले से बाहर निकाला गया, जिसमें युवक की लाश मिली। उसके गले पर धारदार हथियार के निशान थे। वहां उसका शरीर तीन टुकड़ों में था।
आशंका है कि हत्या कर शव को छुपाने की नियत से शव को बोरे में कर नाले में डाला गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।