डासना में बुधवार सुबह नहाते हुए तालाब में डूबने से अलतमश (13) की मौत हो गई। वह इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ता था। डासना वार्ड नंबर-14 निवासी मंजूर का बेटा था। मंजूर भैंसा-बुग्गी चलाकर मजदूरी करता है।
उनके छह बच्चे हैं। अलतमश तीसरे नंबर का था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अलतमश बच्चों के साथ नहा रहा था। इसी दौरान वह डूब गया। आसपास के लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की और उसे पानी से बाहर निकाल लाए, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मसूरी पुलिस को नहीं दी गई है। दूसरी तरफ, गंगनहर में नाहल झाल के पास चित्तौड़ा पुल पर दीपक (24) बुधवार दोपहर नहाते हुए डूब गया।
वह लोनी की विकासनगर कालोनी का रहने वाला था। काफी तलाश के बाद भी वह नहीं मिल सका है। एसओ ने बताया कि दीपक के भाई मनोज ने पुलिस को सूचना दी है।
नाहल झाल में डूबे दो युवकों के शव मिले, चार हिरासत में
नाहल झाल में डूबे खोड़ा निवासी शाहिद (22) और लोनी निवासी आबिद के शव बुधवार को मिल गए। शाहिद जिस जगह वह डूबा था, उससे करीब चार किलोमीटर दूर नहा रहे युवकों को शाहिद का शव मिला।
वह प्राइवेट नौकरी करता था। सोमवार को नहाते हुए नाहल झाल में डूब गया था। उसे मसूरी ले जाने वाले चार दोस्तों को इंदिरापुरम पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सीओ रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।