गुडग़ांव में रेहडी, खोखे वालों को धमकाकर उगाही करने वाले एक बदमाश को थाना सेक्टर-10 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खोखे वाले को धमकाकर हर माह दो हजार रुपये की वसूली करता था। यहीं नहीं, मुफ् त में चाय व नमकीन भी ले जाता था।
मूल रूप से बिहार का रहने वाला संजय कुमार यहां के सेक्टर 37 में चाय, नमकीन का खोखा लगाकर अपनी गुजर बसर कर रहा है। संजय ने थाना सेक्टर-10 पुलिस को सूचना दी कि खांडसा का रहने वाला कप्तान उर्फ कमल सिंह हर माह उससे जबरदस्ती दो हजार रुपये ले जाता है तथा मुफ्त में चाय, नमकीन भी ले जाता है।
सामान व रुपये मांगने पर जान से हाथ धोने की धमकी देता है। आरोप है कि उसे डराकर अवैध वसूली करता है। इस सूचना पर थाना सेक्टर 10 पुलिस ने कप्तान उर्फ कमल सिंह को शुक्रवार को गांव खांडसा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर थाना सेक्टर 10 में मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ पर पुलिस को पता चला कि आरोपी युवक का पहले भी आपराधिक रिकार्ड रहा है। उससे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि अभी आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह अन्य किन-किन खोखा, रेहडी वालों से भी उगाही है।