दिल्ली के मयूर विहार में बृहस्पतिवार रात को गार्ड को बंधक बनाकर सेंट्रल बैंक की एटीएम मशीन तोड़कर लूट की कोशिश की गई। गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों के पहुंच जाने की वजह से बदमाश वारदात को अंजाम नहीं दे पाए।
पीछा करने पर बदमाशों ने एएसआई पर गोली चला दी। हालांकि उन्हें गोली नहीं लगी। जांच में खुलासा हुआ है कि होंडा कार सवार पांच बदमाश घटना को अंजाम देने आए थे। फिलहाल पांडव नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एएसआई सतवीर सिंह पांडव नगर थाने में तैनात है। बृहस्पतिवार रात 8 बजे से शुक्रवार सुबह 8 बजे तक उसकी ड्यूटी थी। रात में वह सिपाही के साथ बाइक पर गश्त कर रहा था। करीब दो बजे वह गश्त करता हुआ आचार्य निकेतन मार्केट पहुंचा। उसने सेंट्रल बैंक के एटीएम बूथ के सामने काली रंग की होंडा सिटी कार खड़ी देखी। उसमें दो युवक बैठे थे।
पुलिसकर्मियों ने युवकों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान एक युवक के मोबाइल पर फोन आया। युवक ने फोन पर बताया कि पुलिसकर्मी उनकी कार की तलाशी ले रहे हैं, कुछ देर में वह घर पहुंच जाएगा। कुछ ही पल बाद दूसरे युवक के मोबाइल की घंटी बजी। उस युवक ने पहले वाले युवक को फोन देकर कहा कि भैया-भाभी का फोन है।
इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने एटीएम बूथ से तीन युवकों को निकलकर भागते देखा। पुलिसकर्मी उन तीनों को पकड़ने के लिए दौड़े। एक युवक के हाथ में बॉक्स जैसा सामान था। पीछा करने पर युवक बॉक्स फेंककर भागा।
दूसरे युवक ने पीछा कर रहे एएसआई पर गोली चला दी। एएसआई ने कार की आड़ लेकर बचाव किया। पुलिसकर्मियों ने फिर भी युवकों का पीछा किया, लेकिन सभी गली में भाग गए। वापस आने पर कार सवार युवक भी फरार हो चुके थे।
पुलिसकर्मी एटीएम बूथ में पहुंचे, जहां गार्ड कोटला गांव निवासी राकेश पाल मिला। बूथ में एक बैग पड़ा था, जिसमें कुछ औजार रखे थे। एटीएम मशीन टूटी हुई थी। राकेश ने पुलिस को बताया कि तीनों बदमाश उसको बंधक बनाकर एटीएम मशीन को तोड़कर रुपये लूटने का प्रयास कर रहे थे। एक फोन आने पर सभी युवक मशीन में लगे यूपीएस को लेकर भाग गए। पुलिस ने सड़क पर फेंका गया यूपीएस और औजार का बैग बरामद कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिये बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।