बाइक सवार तीन बदमाशों ने डीएवी चौक के पास मेडिकल स्टोर में लूटपाट की। दंपति को गन प्वाइंट पर लेकर 26 हजार रुपये, स्मार्ट फोन और एटीएम कार्ड लूटकर ले गए। विजयनगर थाने में तहरीर दी गई है।
मेडिकल स्टोर के बराबर में एटीएम के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनकी जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि लुटेरे सीसीटीवी में कैद हो गए हैं।
सर्वोदय नगर निवासी इंद्रपाल सिंह डीएवी चौक के पास वैशाली मेडिकल स्टोर चलाते हैं। सोमवार रात सवा दस बजे वह मेडिकल स्टोर पर पत्नी रजनी के साथ थे। एक बाइक दुकान के सामने रुकी।
बाइक से उतरकर हेलमेट पहने हुए दो बदमाश मेडिकल स्टोर पर आए। जबकि तीसरा बदमाश बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा।
इंद्रपाल ने बताया कि एक बदमाश ने तमंचा निकालकर उनकी कनपटी पर सटा दिया, जबकि दूसरे ने रजनी को निशाने पर ले लिया। लूटपाट की और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
इंद्रपाल ने थाने में तहरीर दी है। मेडिकल स्टोर के पड़ोस में ही एक एटीएम बूथ है। पुलिस एटीएम में लगे सीसीटीवी की जांच कर रही है।
पुलिस लूट के बजाय घटना को गुमशुदगी में दर्ज कराने की नसीहत दे रही है। दंपति एसएसपी से इसकी शिकायत करेंगे।