पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में सोमवार रात अचानक सिखों के दो गुटों में संघर्ष हो गया।
गुरुद्वारा में सिखों के बीच बवाल की खबर मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया और फौरन पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच गई।
सूत्रों के मुताबिक, इस विवाद में एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस घटना के कारणों और मामले की जांच में जुटी है।
तो इसलिए हुआ विवाद
पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में सोमवार रात करीब 8:30 बजे सिखों के दो गुटों आपस में भिड़ गए।
यह विवाद संतगढ़ नामधारी गुरुद्वारा में हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुद्वारे में पूजा के बाद कुछ लोग वहां बैठकर आपस में चर्चा कर रहे थे।
जब एक गुट के लोगों ने गुरुद्वारा में ऐसे बैठने की वजह पूछी तो दूसरे गुट के लोग भड़क उठे और देखते ही देखते मामला गंभीर हो गया। इस बीच मामले की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी।
पहले भी हो चुका है ऐसा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात पर काबू पाया। बवाल की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग भी गुरुद्वारा में जमा हो गए थे।
पुलिस ने लाठियां पीटकर भीड़ को तितर बितर किया। हालात को देखते हुए पुलिस ने इलाके में एक टीम तैनात कर दी है। साथ ही पीसाआर की गश्त भी तेज कर दी है।
बता दें कि हाल ही में ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी के मौके पर अमृतसर में भी सिखों के दो गुटों के बीच तलवारें चलीं थीं।