अति सुरक्षित मानी जाने वाली सीजीओ कंप्लेक्स में सीआईएसएफ की टीम ने सीपीडब्ल्यूडी डीजल जनरेटर रूम में छापा मारकर काफी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। मौके से पकड़े गए दो आरोपियों को लोधी कॉलोनी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार शाम सीआईएसएफ को सूचना मिली कि सीजीओ कंप्लेक्स के सीपीडब्ल्यूडी जनरेटर रूम से शराब बेची जा रही है। सूचना पर टीम ने कमरे में छापा मारकर अलमारी से 400 शराब की बोतल बरामद की। सीआईएसएफ ने मामले में दो लोगों को हिरासत में भी लिया।
उनकी पहचान बक्सर बिहार निवासी सतेंद्र कुमार सिंह और अलीगढ़ उत्तर प्रदेश निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। दोनों ठेकेदार के कर्मचारी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब उन्होंने सीजीओ कंप्लेक्स में काम करने वाले कर्मचारियों को बेचने के लिए रखी थी।
वे तीन महीने से यह काम कर रहे थे। आरोपी बाहर से आने वालों को भी वह शराब बेचते थे। सीआईएसएफ ने आरोपियों और बरामद शराब को लोधी गार्डन थाना पुलिस को सौंप दिया है।