विदेश में एमबीबीएस कोर्स में दाखिला कराने के नाम पर दर्जनों छात्रों के साथ करोड़ों की ठगी करने वाले आरोपी को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दबोचा है। उसकी पहचान केरल निवासी गोपालन अनीश (40) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान में दाखिले के नाम पर ठगी की। छत्तीसगढ़ पुलिस की सूचना पर आरोपी को दिल्ली के द्वारका इलाके से दबोचा गया है। छत्तीसगढ़ पुलिस को गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है।
अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि जून 2013 में छत्तीसगढ़ निवासी डॉ. प्रेमलाल बघेल ने छत्तीसगढ़ पुलिस से बेटे के दाखिले के नाम पर 18 लाख रुपये ठगी की शिकायत की थी। इस संबंध में मोहन नगर दुर्ग थाने में मामला दर्ज किया गया था।
मामले में कुछ आरोपियों को छत्तीसगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी फरार था। पिछले दिनों छत्तीसगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी दिल्ली में छुपा है। सूचना के बाद एक टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।
आरोपी किर्गिस्तान से एमसीए
गोपालन को ग्रीन हेवन अपार्टमेंट द्वारका सेक्टर-16 से दबोच लिया गया। आरोपी ने बताया कि वह किर्गिस्तान से एमसीए है। उसने साथियों से मिलकर छत्तीसगढ़ में कई छात्रों को विदेश में एमबीबीएस के नाम पर 18-18 लाख रुपये की ठगी की। आठ छात्रों से ठगी के बारे में पुलिस को पता चला है।