गोकुलपुरी इलाके में महिला के साथ झपटमारी का विरोध करने बदमाशों ने उसके पति को गोली मार दी। सीने में गोली लगने के बाद पीड़ित भूपेंद्र सिंह बिष्ट (32) को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वारदात के बाद बदमाश बाइक पर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गोकुलपुरी थाना पुलिस घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, कविता बिष्ट परिवार के साथ ई-15, संगम पार्क, खोड़ा कालोनी, गाजियाबाद में रहती है। इसके परिवार में पति भूपेंद्र सिंह, बच्चे, व अन्य सदस्य हैं। भूपेंद्र प्राइवेट नौकरी करता है।
शुक्रवार शाम को कविता बृजपुरी गली नंबर-17 में रहने वाली अपनी नंनद के यहां आई थी। ऑटो से उतरने के बाद भूपेंद्र कुछ कदम आगे चलने लगा। वहीं कविता बच्चों को लेकर पीछे चलने लगी। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उसके गले से चेन झपटने का प्रयास किया।
कविता के शोर मचाने पर भूपेंद्र बदमाशों पर टूट पड़ा। एक बदमाश को उसने पकड़ भी लिया, लेकिन इसी बीच दूसरे बदमाश ने पिस्टल निकालकर भूपेंद्र के सीने में गोली मार दी। बाद में दोनों मौके से फरार हो गए।
कविता ऑटो से भूपेंद्र को जीटीबी अस्पताल ले गई, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस को घटना स्थल से एक खोखा बरामद हुआ है। गोकुलपुरी थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।