धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने के दो अलग-अलग मामले पुलिस ने दर्ज किए हैं। एक मामले में एक व्यक्ति द्वारा गाड़ी बेचने के नाम पर फर्जी हस्ताक्षर किए गए तो दूसरे मामले में ऑनलाइन मोबाइल बेचने के नाम पर रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-14 थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव टीकली निवासी राकेश यादव ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनके पास होंडा सिटी कार है। उन्होंने अपनी गाड़ी महावीर पुरी रेलवे रोड निवासी विक्की शर्मा को बेचने के लिए दी थी।
आरोप है कि विक्की ने उनकी गाड़ी किसी व्यक्ति को बेच दी और गाड़ी बेचते वक्त उसने गाड़ी बिक्री से संबंधित दस्तावेज पर उसके फर्जी हस्ताक्षर कर दिए। इतना ही नहीं उसने गाड़ी बेचने के दौरान ली राशि पेमेंट भी उसे नहीं दी।मामले की जांच कर रहे एएसआई रोहताश ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
उधर, सेक्टर-18 थाना पुलिस को दी शिकायत में रोहतक निवासी वरुण कुमार ने कहा कि वह अपने भाई के पास सुखराली में रह रहा है। उसने मोबाइल खरीदने के लिए ऑनलाइन एक व्यक्ति शोएब अहमद से संपर्क किया।
36 हजार रुपये में मोबाइल खरीदने की डील तय हुई। आरोप है कि वरुण ने शोएब को डील के अनुसार ऑनलाइन 36 हजार रुपये उसके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि रुपये लेने के बाद भी शोएब ने उसे फोन नहीं दिया। इस पर उसने पुलिस को शिकायत दी। एएसआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।