गोकलपुरी इलाके में कार सवार बदमाशों ने एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। युवक को तीन गोलियां लगी हैं। उसे तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आपसी रंजिश में युवक पर फायरिंग की गई है। पुलिस हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच कर रही है। घायल युवक की पहचान मोनू (24) के रूप में हुई है। मोनू गंगा विहार में रहता था।
परिवार में पिता ओमकार, मां, पत्नी, दो बेटा, एक भाई और शादीशुदा चार बहनें हैं। मोनू का घर के नीचे ही दूध की डेयरी है। मोनू के भाई सोनू ने बताया कि सोमवार सुबह मोनू अपनी दुकान पर था। इसी दौरान कार सवार कुछ बदमाश वहां पहुंचे। कार से उतरे तीन बदमाशों ने मोनू पर एक एक कर पांच गोलियां चलाईं। जिसमें तीन गोली मोनू को लगी। मोनू भागकर गली में घुस गया।
परिजनों ने उसे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत में सुधार है। जांच में पता चला कि गत 30 अक्तूबर को बदमाशों ने मोनू के चचेरे भाई अनुज की गोली मारकर हत्या कर दी थी।