समयपुर बादली में टेस्ट ड्राइव के लिए डटसन गो कार लेकर निकले मैकेनिक की पिटाई करके बदमाशों ने कार लूट ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बदमाश हरियाणा नंबर की बाइक पर आए थे।
पुलिस के अनुसार, सत्यवीर (28) परिवार के साथ महालक्ष्मी एंक्लेव करावल नगर में रहता है। वह रोहिणी के सेक्टर-16 स्थित एक वर्कशॉप में मैकेनिक है। बृहस्पतिवार शाम को वह टेस्ट ड्राइव के लिए कार लेकर खेड़ा गांव की ओर निकला। कुछ दूर जाने के बाद बाइक सवार तीन युवकों ने ओवरटेक कर कार को रोकने के लिए कहा। सत्यवीर ने कार रोक दी।
कार रुकते ही तीनों युवक उसके पास आए। एक युवक ने चाबी निकाल ली। जब सत्यवीर ने इसका विरोध किया, तो अन्य युवकों ने उसे कार से बाहर निकाला और पिटाई शुरू कर दी। चाबी निकालने वाला युवक कार की ड्राइविंग सीट पर बैठ गया, जबकि दो युवक बाइक पर बैठकर खेड़ा गांव की ओर चले गए।
सत्यवीर ने वर्कशॉप और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल करवाया और उसके बयान पर लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले युवकों की उम्र 25 से 30 साल के बीच थी। बदमाश हरियाणा नंबर की बाइक पर आए थे।