बहीन थाना क्षेत्र के गांव नांगल जाट में दुल्हेंडी वाले दिन सोमवार को गांव के ही एक युवक ने एक घर में गाड़ी घुसाकर 10 माह के अबोध बच्चे को कुचल दिया। जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक बच्चे के चाचा प्रकाश के बयान पर पुलिस ने गाड़ी चालक सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
होली के पर्व की खुशियों में झूम रहे मृतक बच्चे के परिवाल में शोक का माहौल उत्पन्न हो गया। गांव नांगल जाट में एक घर पर दुल्हेंडी वाले दिन 10 माह का बच्चा शिवम आंगन में खेल रहा था।
शाम का समय था। पूरा परिवार दुल्हेंडी मनाने के बाद घर पर बैठे थे, तभी गांव का ही लोकेश पुत्र रतिराम अपनी कार लेकर उनके आंगन में घुस आया।
लोकेश ने घर के आंगन में गाड़ी लाकर शिवम के ऊपर चढ़ा दी
- फोटो : प्रतीकात्मक चित्र
उसके साथ उसका भाई ओमबीर व देवदत्त तथा हसनपुर के सतुआगढ़ी निवासी भूपेंद्र भी थे। लोकेश ने घर के आंगन में गाड़ी लाकर शिवम के ऊपर चढ़ा दी। जिससे शिवम का सिर कुचल गया तथा उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बच्चे को कार से कुचलने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बच्चे की एकसाथ चीख सुनकर परिवार के लोग भाग कर पहुंचे तथा बच्चे के शव को उठाकर तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भी भागे, परंतु बच्चे की मौत हो चुकी थी। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई।
सूचना मिलते ही बहीन थाने से पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा बच्चे के शव का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम् के लिए भिजवा दिया तथा मृतक बच्चे के चाचा प्रकाश के बयान पर मामला दर्ज कर लिया।
सहायक उपनिरीक्षक आबिद हुसैन के अनुसार शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या संबंधी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मंगलवार को पलवल के नागरिक अस्पताल से बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की तफ्तीश व आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।बताया गया मामला पुरानी रंजिश को लेकर बताया जा रहा है।