करावल नगर इलाके में फिल्मी स्टाइल में बाइक सवार बदमाशों ने कार सवार केबल कारोबारी को गोलियां से भून दिया। छह गोली लगने के बावजूद कारोबारी खुद कार चलाकर वहां से नजदीकी पुलिस पोस्ट के पास पहुंचा।
पुलिस पोस्ट पर मौजूद पुलिसकर्मी ने तुरंत पीड़ित दिनेश कुमार (37) को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उन्हें मैक्स अस्पताल में शिफ्ट किया गया। वहीं वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। खबर मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस अधिकारी आशंका जता रहे हैं कि केबल कारोबार में प्रतिस्पर्धा के कारण दिनेश को गोलियां मारी गई हैं। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर करावल नगर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
चार गोली दिनेश के कंधे के पास हाथ, एक ठोड़ी और एक छाती में लगी
kidnapping at gunpoint
पुलिस के मुताबिक, दिनेश परिवार के साथ गली नंबर-8, शिव विहार फेज-7 में रहता है। इसके परिवार में पत्नी पूनम व दो बच्चे यश व ऋषि हैं। बच्चे एक निजी पब्लिक स्कूल में पढ़ते हैं।
वहीं दिनेश का पिछले 10-12 वर्षों से केबल का कारोबार है। दिनेश ने कुछ दिनों पूर्व ही एक नई कंपनी का केबल अपने इलाके में शुरू किया था। आठ-दस दिन पूर्व इसी बात पर इलाके के दूसरे केबल डिस्ट्रीब्यूटर ने विरोध जताते हुए दिनेश से नई कंपनी का केबल बंद करने की धमकी दी थी।
सोमवार सुबह करीब 7 बजे दिनेश अपनी वैगनआर कार से दोनों बच्चों को जौहरीपुर, शनि बाजार के पास स्कूल बस में छोड़ने आए थे। वहां से बच्चों को छोड़कर 7.30 बजे जैसे ही अपनी कार में बैठे, अचानक किसी ने उसकी कार में पत्थर मार दिया।
इस बीच दो बाइक सवार चार बदमाश उसकी कार के पास पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे दोनों लड़कों ने पिस्टल निकालकर दिनेश की कार पर गोलियां बरसा दीं। चार गोली दिनेश के कंधे के पास हाथ, एक ठोड़ी और एक छाती में लगी।
इसके बाद भी दिनेश ने कार रोकी नहीं और कार चलाकर आगे पुलिस पोस्ट के पास पहुंच गए। पहले उन्हें जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शाम के समय परिजन उन्हें मैक्स अस्पताल में ले गए। पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मामले की छानबीन शुरू कर दी है।