बुराड़ी इलाके में बदमाश ने गला काटने की धमकी देकर एक छात्र से नगदी और मोबाइल फोन लूट लिया। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और फिर पुलिस की मदद से आरोपी को दबोच लिया।
बुराड़ी थाना पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से चाकू, मोबाइल फोन व नगदी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मूलत: गांव डोहड़ी जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश निवासी रिंकू कुमार (20) परिजनों के साथ सुरेंद्र कॉलोनी बुराड़ी इलाके में रहता है।
वह मुखर्जी नगर स्थित इंस्टीट्यूट से एसएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। बुधवार रात वह कोचिंग जा रहा था, तभी एक बदमाश ने उसे रोक लिया। बदमाश ने रिंकू के गले पर चाकू लगा दिया और गला काटने की धमकी देकर उससे नगदी की मांग की।
बदमाश पीड़ित से मोबाइल और नगदी लूटकर फरार हो गया। पीड़ित ने झड़ौदा चौकी पहुंचकर घटना की शिकायत की। उसने पुलिस को बताया कि बदमाश नशे में धुत था और प्रयास करने पर आरोपी को पकड़ा जा सकता है। पुलिस पीड़ित के साथ बदमाश की तलाश में निकली और उसे घर के पास से दबोच लिया।
आरोपी के चिल्लाने पर उसके परिजन भी वहां पहुंचे और पुलिसकर्मियों से उलझ गए। उन्होंने जमकर हंगामा किया लेकिन पुलिसकर्मियों ने डांटकर सभी को शांत करवा दिया।
आरोपी की तलाशी लेने पर उसकी जेब से मोबाइल, चाकू और नगदी मिल गए। आरोपी की पहचान अनूप कुमार के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य आपराधिक वारदात के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।