हौजखास इलाके में आईएएस अफसर की कार में टक्कर मारने के बाद उनकी पत्नी के साथ बदतमीजी व छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। चारों आरोपी युवक नशे थे।
पुलिस ने मामला दर्जकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार आईएएस अफसर खेलगांव विलेज में रहते हैं और उनकी तैनाती डीडीए में है।
वह बुधवार रात को अपनी बेटी को पत्नी के साथ हुमायूं रोड पर स्थित मॉडर्न स्कूल छोड़ने जा रहे थे। उनकी बेटी स्कूल की तरफ से कार्यक्रम में भाग लेने के लिए विदेश जा रही थी।
जब वह अगस्त क्रांति मार्ग पर पहुंचे तो साउथ एक्स की तरफ से शाहपुरजाट की तरफ तेज गति से आ रही कार ने उनकी कार में टक्कर मार दी। उनकी पत्नी कार में नुकसान को देखने नीचे उतरी।
इसी दौरान दूसरी कार से चार युवक उतरे और बदतमीजी शुरू कर दी। विरोध किया तो आरोपी युवक ने कार से फिर उनकी कार में टक्कर मार दी। इसी बीच गश्त कर रहे दिल्ली पुलिस के एसआई सचिन व सिपाही चंदर मौके पर पहुंच गए।
आरोपी युवकों ने पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में उनकी पत्नी के साथ बदतमीजी की। एक आरोपी आईएएस अफसर की पत्नी का वीडियो बनाने लगा। जब विरोध किया तो एक युवक ने उनके साथ धक्का-मुक्की व छेड़छाड़ की।
आरोपी युवकों की पहचान शाहपुरजाट निवासी मंदीप पंवार पुत्र भगवान सिंह, सागर पवार पुत्र सुरेंद्र, सागर पावर पुत्र दयाल सिंह और राहुल पवार पुत्र धर्मवीर के रूप में हुई। इनमें से दो युवक पढ़ाई कररहे हैं।