पश्चिम दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में रविवार देर रात शराब के नशे में धुत एक कारोबारी की बीएमडब्ल्यू कार डिवाइडर से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कारोबारी जख्मी हो गया।
खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपी ऋषि (33) के खिलाफ शराब पीकर लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। राजौरी गार्डन थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, ऋषि परिवार के साथ वेस्ट पंजाबी बाग इलाके में रहता है। उसका पुरानी कारों को खरीदने बेचने का काम है। रविवार देर रात को वह शादी समारोह से घर लौट रहा था। इस बीच रिंग रोड, ईएसआई अस्पताल के पास उसकी बीएमडब्ल्यू कार डिवाइडर से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हादसे के समय कार की रफ्तार बहुत अधिक थी। रात करीब 3 बजे सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि कार चालक ने शराब पी हुई है। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की छानबीन कर रही है।