बुलंदशहर के अनूपशहर से एक हिस्ट्रीशीटर को बीच राह कार से उतारकर गोली मारने की घटना सामने आई है। घायल युवक की मौत अस्पताल ले जाते वक्त हो गई।
अहमदगढ़ के भैलई गांव निवासी मृतक कैलाश के भाई ने पुलिस में 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। तीन आरोपियों के नाम हैं बाबू, हरीश और तनुज। इसके साथ ही एक अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
पीड़ित के भाई ने बताया कि उनका भाई कैलाश अपने दोस्तों आसू व प्रमोद के साथ अनूपशहर में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहा था।
रास्ते में उसकी कार को एक अन्य कार ने ओवरटेक कर रोक दिया और फिर कैलाश के अन्य दोस्तों को वहां से भगा दिया। इसके बाद कार सवार बदमाशों ने कैलाश पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं और फरार हो गए।
इसके बाद आनन-फानन फानन में कैलाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके का मुआयना कर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मृतक कैलाश अहमदगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उस पर लूट, डकैती के कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी हिस्ट्री शीट 46ए है।