डासना जेल के पीछे बसपा के प्रदेश प्रभारी किशन इंदौरिया के फार्म हाउस में डकैती का मामला सामने आया है। बसपा नेता का आरोप है कि तीन जुलाई की शाम करीब छह बजे वे फार्म हाउस में थे, तभी नौ बदमाशों ने उन्हें गन प्वाइंट पर लेकर मारपीटकर उनसे चेन, 1.20 लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया।
इस मामले की मसूरी थाने में नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट डकैती और एससीएसटी एक्ट तहत दर्ज कराई गयी है। आरोपियों में चार नामजद और पांच अज्ञात हैं। हालांकि पुलिस इसे जमीन के विवाद का मामला बता रही है।
बसपा नेता ने बताया कि फार्म हाउस डासना जेल करीब 500 मीटर की दूरी पर है। आरोप है कि जलील, रईस, शफीक और सलीम निवासी नाहल गांव ने अन्य साथियों के साथ मिलकर फार्म हाउस में डकैती डाली।
एसएचओ वीरेंद्र यादव ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी केलिए दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में मामला जमीन विवाद का प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच जारी है।
कार का शीशा तोड़ बैग उड़ाया
महाराजपुर बार्डर स्थित पैसिफिक मॉल के बाहर पार्क कार का शीशा तोड़कर चोरों ने बैग उड़ा लिया। बैग में नगदी समेत कुछ जरूरी कागजात थे। इस मामले में पुलिस चौकी में शिकायत की गई है।
घटना दोपहर की है, दिल्ली स्थित कीर्ति नगर निवासी सुनील पैसिफिक मॉल आए थे। उन्होंने अपनी कार मॉल की पार्किंग में नहीं खड़ी कर बाहर ही खड़ी की और मॉल में चले गए।
जब वापस लौटे तो उनकी कार का शीशा टूटा हुआ था। कार में रखा बैग गायब था। बैग में आठ हजार रुपये और कुछ जरूरी कागजात थे। बहरहाल, इस मामले में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी है।