भलस्वा डेयरी इलाके में भाई के पाटर्नर से संबंध होने के शक में एक युवक ने अपनी भाभी की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने का बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस को पहले तो यकीन नहीं हुआ लेकिन आरोपी के साथ मौके पर पहुंचने पर पुलिस को उसकी भाभी का शव मिला। पुलिस ने महिला के पति के बयान पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतका की शिनाख्त गुडिय़ा के रूप में हुई है। गुडिय़ा अपने पति रामजानी और चार बच्चों के साथ मुकुंदपुर गली नंबर 16 में पहली मंजिल पर रहती थी। जबकि भूतल पर उसकी सास और दो देवर नवी और रफी रहते हैं।
रामजानी टमाटर का थोक कारोबारी है। वह आजादपुर से टमाटर खरीदकर छोटे दुकानदारों को सप्लाई करता है। मुकुंदपुर का रहने वाला लल्ला रामजानी का कारोबार में पाटर्नर है।
खुद थाने पहुंचा आरोपी
रविवार रात वह नवी भलस्वा डेयरी थाना पहुंचा और अपनी भाभी की हत्या कर देने की बात कही। पहले तो पुलिस अधिकारियों को उसकी बातों पर विश्वास नहीं हुआ लेकिन पुलिसकर्मी आरोपी को लेकर जब घर पहुंचे तो वहां सीढिय़ों पर गुडिय़ा की लाश मिली।
उसकी चुन्नी से गला घोंटकर हत्या की गयी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि उसकी भाभी का भाई के पाटर्नर के साथ संबंध हैं।
पार्टनर अकसर घर पर आता जाता था। उसकी भाभी उससे लगातार फोन पर बात करती थी। दो दिन पहले नवी ने अपने भाई को कहा था कि लल्ला उसके घर पर नहीं आए। भाई ने लल्ला को घर पर आने से मना कर दिया था। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन में जुटी है।
आरोपी ने भाभी का मोबाइल फोन तोड़कर सिम सौंप दिया था
- फोटो : hoanghamobile
रामजानी ने पूछताछ में बताया कि शनिवार की रात वह अपने मोबाइल फोन को घर पर चार्जिंग पर लगाकर चला गया था। उसने पत्नी को मोबाइल चार्ज हो जाने पर किसी बच्चे के हाथ से भिजवाने के लिए कहा था। लेकिन गुडिय़ा ने फोन नहीं भेजा।
देर रात करीब साढ़े बारह बजे रामजानी घर पहुंचा और गुडिय़ा से फोन के बारे में पूछा। उसने बताया कि शाम में वह फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान नवी वहां पहुंचा और फोन को छीनकर उसे छत पर ले जाकर तोड़ दिया और उसका सिम भाभी को वापस कर दिया।
घटना के समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे
रामजानी ने पुलिस को बताया कि घटना को अंजाम देने के दौरान नवी ने छत पर जाने के लिए दरवाजा खटखटाया था। उसकी नींद खुल गयी थी लेकिन थके होने की वजह से गुडिय़ा को दरवाजा खोलने की बात कहकर सो गया। गुडिय़ा के दरवाजा खोलते ही आरोपी उसे नीचे की सीढिय़ों पर खींचकर ले गया और चुन्नी से उसकी गला घोंट दी।
जब रात करीब ढ़ाई बजे पुलिस नवी को लेकर उसके घर पहुंची तो परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। पुलिस ने रामजानी को जगाया। जब वह भूतल पर आ रहा था इसी दौरान उसने सीढिय़ों पर पत्नी को मृत अवस्था में देखकर रोने लगा।