दिल्ली की शाहबाद डेयरी इलाके में युवती की गला रेतकर हत्या करने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में युवती के प्रेमी नागेंद्र (18) को गिरफ्तार किया है। गर्भवती होने की आशंका के बाद प्रेमिका से छुटकारा पाने के लिए नागेंद्र ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी।
बाद में उसका शव खाली प्लॉट में फेंक दिया था। पुलिस ने नागेंद्र के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। उधर, घटना से नाराज हुए लोगों ने बुधवार को युवती का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया।
पुलिस के मुताबिक शमा परवीन (18) परिवार के साथ शाहबाद डेयरी की पप्पू कॉलोनी में रहती थी। इसके परिवार में माता-पिता के अलावा सात बहन-भाई हैं। मंगलवार सुबह युवती का शव पड़ोस के एक खाल प्लॉट से बरामद हुआ था। उसका गला रेता गया था। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू की।