छत पर मोबाइल फोन पर बात करने के दौरान अचानक पैर फिसलने से घर के पीछे बने तालाब में गिरकर डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सोमवार सुबह फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने तालाब में कांटा डालकर शव को निकाला।
थाना शहर बल्लभगढ़ पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। मूलरूप से भरतपुर, राजस्थान का रहने वाला विष्णु यहां बल्लभगढ़ बस अड्डे के पीछे बनी शिव शारदा कॉलोनी में रहता था और बल्लभगढ़ चौक पर फलों की रेहड़ी लगाता था।
रविवार रात को वह घर की छत पर टहल रहा था। इस दौरान किसी का फोन आने पर वह बात करने लगा। इस दौरान वह छत की दीवार के सहारे खड़ा था कि अचानक पैर फिसलने से वह अनियंत्रित होकर घर के पीछे बने गंदे पानी के तालाब में जा गिरा।
युवक की मौत होने पर विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
जब काफी देर तक विष्णु नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मगर उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। सुबह परिजनों ने इसकी खबर पुलिस को दी। मौके पर जांच करने पहुंचे पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से तालाब के आसपास जांच शुरू की।
शक होने पर पुलिस ने फायर ब्रिगेड कर्मचारियों को मौके पर बुलवाया। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने तालाब में कांटा डाल कर तलाश शुरू की तो कुछ ही देर में कांटे में विष्णु का शव फंस गया, जिसे बाहर निकाला गया।
थाना शहर बल्लभगढ़ के अंतर्गत बस स्टैंड पुलिस चौकी ने शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।