शहर में बेखौफ घूम रहे बाइक सवार बदमाशों का कहर जारी है। पहले झपटमारी करने वाले बाइक सवार बदमाश अब विरोध करने पर मारपीट कर लूटने से भी नहीं डर रहे। ऐसे ही बदमाशों ने एक युवक का फोन छीना तो दूसरे की पिटाई कर नकदी लूट लेे गए। अलग-अलग थानों की पुलिस केस दर्ज करके झपटमारों की तलाश कर रही है।
पल्ला इलाके में रहने वाले अंजन कुमार बदरपुर स्थित एक कंपनी में काम करते हैं। बुधवार की शाम ड्यूटी समाप्त होने पर वह घर लौट रहे थे। वह बदरपुर टोल प्लाजा पार कर ऑटो पकड़ने के लिए बाईपास रोड मोड़ की ओर पैदल आ रहे थे। इस दौरान कॉल आने पर किसी से बात करते हुए चलने लगे। अचानक पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक आए और उनके हाथ से मोबाइल झटक कर फरार हो गए।
बुधवार को ही बाइकर्स ने पाली गांव निवासी लल्लू को अपना दूसरा शिकार बनाया। लल्लू बुधवार सुबह किसी काम से शहर आया था। काम खत्म होने पर दोपहर बाद घर लौट रहा था। सोहना टी प्वाइंट के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोका और पीटने के बाद उनकी जेब से 3600 रुपये निकाल कर फरार हो गए।
लल्लू ने बाइक सवार बदमाशों की पहचान मुजेसर गांव निवासी जीत उर्फ जीतू ओर रविंद्र के रूप में करते हुए पुलिस में केस दर्ज कराया है। एसएचओ ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा। मालूम हो कि बाइक सवार बदमाश अगस्त माह में अब तक 16 लोगों को निशाना बना चुके हैं। पुलिस इनमें से एक भी केस नहीं सुलझा सकी है।