शालीमार गार्डन में चोरों ने एक रेजीडेंट की बाइक पहले चोरी की और बाद में लौटा दी। एक दिन बाद रेजीडेंट को बाइक वहीं खड़ी मिली, जहां से वह चोरी हुई थी। पुलिस शिकायत लेकर बाइक की तलाश कर ही रही थी कि अचानक बाइक कैसे मिल गई।
शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 निवासी सचिन शर्मा सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। शुक्रवार शाम करीब आठ बजे वह किसी काम से बाजार गए थे। उन्हाेंने बाइक सी ब्लॉक पार्क के सामने खड़ी की। कुछ देर बाद जब वह लौटे तो बाइक गायब थी।
आसपास के लोगों से पूछताछ की, मगर बाइक का कोई सुराग नहीं लगा। उसके बाद उन्होंने पुलिस से मामले की शिकायत की। शनिवार शाम को किसी ने बताया कि उनकी बाइक पार्क के सामने उसी स्थान पर खड़ी है, जहां से वह चोरी हुई थी।
एसएचओ उपेंद्र यादव ने बताया कि उन्हें शक है कि बदमाशों ने बाइक से किसी वारदात को अंजाम दिया और बाद में बाइक छोड़कर भाग गए।
कुछ समय पहले भी बदमाशों ने एक चोरी की बाइक पर स्नैचिंग की थी और बाद में बाइक छोड़कर चले गए थे। जल्द ही इस गैंग को दबोच लिया जाएगा।