बैंक से छह लाख रुपये लेकर निकले दो युवकों को बाइक सवार बदमाशों ने धक्का देकर गिरा दिया और रुपयों भरा बैग लेकर फरार हो गए। सेक्टर 37 स्थित कम्युनिटी सेंटर के सामने बुधवार दिनदहाड़े हुई लूट की इस घटना से इलाके में दहशत व्याप्त है।
लूट की सूचना पर मौके पर क्राइम ब्रांच, फॉरेंसिक टीम और पुलिस पहुंची। पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने में जुटी है। सराय ख्वाजा पुलिस के मुताबिक बदरपुर बॉर्डर स्थित गत्ता कंपनी में काम सुनील और सोनू काम करते हैं। कंपनी मालिक ने दोनों को सुबह 11 बजे छह लाख रुपये का चेक देकर सेक्टर 37 स्थित एक्सिस बैंक की शाखा से कैश कराने भेजा था।
बैंक में 12:10 बजे दोनों कैश लेकर बैग में रखकर बाहर निकले। दोनों साइकिल पर बैठकर कंपनी वापस जा रहे थे। सुनील साइकिल चला रहा था जबकि सोनू रुपयों से भरा बैग लेकर कैरियर पर बैठा था।
दोनों सेक्टर 37 स्थित कम्यूनिटी सेंटर के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। असंतुलित होकर दोनों साइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े।
दोनों संभल भी नहीं पाए कि बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने सोनू के हाथ से रुपयों भरा बैग झपट लिया और दोनों फरार हो गए। दोनों ने शोर मचाया लोग जब तक कुछ समझ पाते दोनों बदमाश काफी दूर जा चुके थे। दोनों ने वारदात की सूचना मालिक और पुलिस को दी।
सोनू के मुताबिक बदमाशों की बाइक की नंबर प्लेट पर आरसीआर लिखा था। सूचना मिलने पर एसीपी ओल्ड यशपाल खटाना मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच टीमों को सौंपी गई है। बदमाशों को जल्द ही पकड़ा जाएगा।