3700 करोड़ रुपये के क्लिक कांड में गिरफ्तार नोएडा की एब्लेज इन्फो सोल्यूशन कंपनी की निदेशिका व मुख्य आरोपी अनुभव मित्तल की पत्नी आयुषी मित्तल को गाजियाबाद कोर्ट ने बृहस्पतिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
विज्ञापन
एसआईटी व एसटीएफ को 11 महीने से आयुषी की तलाश थी। इस दौरान पुलिस से बचने के लिए वह चार शहरों के चक्कर काटती रही। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आयुषी ने पूछताछ में बताया कि 1 फरवरी 2017 को जब एसटीएफ ने अनुभव मित्तल को गिरफ्तार किया, वह कानपुर में दोस्त की शादी में शामिल होने गई थी।
कानपुर में ही आयुषी का मायका भी है। पति की गिरफ्तारी का पता चलते ही आयुषी परिवार सहित शादी से फरार हो गई थी। कानपुर से भागने के बाद हापुड़ में रह रहे उसके ससुर सुनील मित्तल ने देहरादून में रहने वाले उनके एक दोस्त के यहां आयुषी के ठहरने का इंतजाम कराया। आयुषी कुछ समय तक वहां रुकी रही।
विज्ञापन
पुलिस व एसटीएफ का दबाव बढ़ने व केस में और गिरफ्तारियां होने पर आयुषी को देहरादून से जाना पड़ा। इसके बाद वह पुणे में रह रही मौसी के घर चली गई। बंगलूरू में आयुषी का सगा भाई रहता है। आयुषी कई माह से पुणे और बंगलूरू में ही ठिकाना बदल-बदल कर रह रही थी।
सोशल मीडिया से जानकारी लेती थी
आयुषी मित्तल पुणे में गिरफ्तार
पूछताछ में आयुषी ने बताया है कि वह सोशल मीडिया के जरिये केस की जानकारी लेती रहती थी। एब्लेज और अनुभव से संबंधित सभी खबरें इंटरनेट पर पढ़ती थी। वह एब्लेज मामले से जुड़े कई सोशल मीडिया ग्रुप को फॉलो कर रही थी, लेकिन पुलिस से बचने के लिए किसी में अपडेट नहीं करती थी।
मायके और ससुराल वालों से भी वह बहुत कम संपर्क करती थी। पुलिस अब ये भी जांच कर रही है कि सोशल मीडिया पर एब्लेज व अनुभव मित्तल के समर्थन में चल रहा कोई ग्रुप आयुषी के समर्थन से तो नहीं शुरू किया गया।
25 दिसंबर को पुणे में हुई थी गिरफ्तार
एसआईटी व एसटीएफ की संयुक्त टीम ने 25 दिसंबर को आयुषी को पुणे से गिरफ्तार किया गया था। ये उसकी मौसी का घर है। टीम उसे पुणे न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर बुधवार रात इंदिरापुरम थाने लेकर पहुंची थी।
रात गुजारने के लिए गाजियाबाद के महिला थाने में उसे रखा गया था। यहीं पर नोएडा की एसपी क्राइम प्रीति बाला गुप्ता, एसआईटी व एसटीएफ की टीम ने आयुषी से पूछताछ भी की। हालांकि, टीम को आयुषी के पास से कोई बरामदगी नहीं हुई है।
एसटीएफ पहले ही आयुषी के सभी बैंक खाते सीज कर चुकी है। एसटीएफ ने 1 फरवरी को नोएडा के सेक्टर-63 में चल रही फ्रॉड कंपनी एब्लेज इन्फो सोल्यूशन का भंडाफोड़ कर मालिक अनुभव मित्तल, सीईओ श्रीधर प्रसाद और तकनीकी हेड महेश दयाल को गिरफ्तार किया था।
इस केस में अब तक सात लोग जेल जा चुके हैं। इसमें अनुभव का पिता सुनील मित्तल भी है जो पूर्व में एब्लेज कंपनी का निदेशक रह चुका है। अनुभव ने शादी के बाद पिता की जगह पत्नी आयुषी को कंपनी में निदेशक बनाया था।
लगभग 250 एफआईआर दर्ज हैं एब्लेज के खिलाफ
एब्लेज कंपनी के खिलाफ नोएडा व गाजियाबाद में पांच एफआईआर दर्ज हैं। इसके अलावा मेरठ में 183, हापुड़ में लगभग 26, बागपत में 30 से ज्यादा और फरीदाबाद, हरियाणा, उत्तराखंड, तेलंगाना, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु में भी काफी संख्या में एफआईआर दर्ज हैं।
कंपनी पर सात लोगों से सदस्यता शुल्क लेकर अपने वेब पोर्टल पर फर्जी विज्ञापन लिंक लाइक कराने के नाम पर 3700 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।