दिल्ली पुलिस ने 300 से ज्यादा कार चुराने वाले करन उर्फ किरण नेपाली (26) को गिरफ्तार किया है। करन आरकेपुरम से कार चुराकर फरार हो रहा था।
पुलिस टीम ने करीब 10 किलोमीटर पीछा करके उसे दबोच लिया। इसकी निशानदेही पुलिस ने चोरी की कारों के रिसीवर मोहल्ला काजीपुरा, रावली रोड, मुरादनगर निवासी दिलशाद उर्फ इमरान (28) को भी गिरफ्तार कर लिया।
10 कारें बरामद
पुलिस ने चोरी की 10 कारें और एक बाइक बरामद की है। दिलशाद चोरी की कारों को मुरादनगर, मेरठ और मुजफ्फरनगर में खपाता था।
दक्षिण-जिला पुलिस उपायुक्त बीएस जायसवाल ने बताया कि 15/16 अप्रैल की रात आरके पुरम सेक्टर-3 में पुलिसकर्मी गश्त पर थे। रात करीब 2:20 बजे पुलिसकर्मियों ने यूपी नंबर की आल्टो कार को जांच के लिए रोका।
आरोपी फरार होने लगा तो पुलिसकर्मियों ने वायरलेस पर मेसेज देने के बाद कार का पीछा करना शुरू कर दिया।
37 बार गिरफ्तार हो चुका है
आरोपी सेक्टर-1,2 से होता हुआ सरोजनी नगर, सफदरजंग एंक्लेव की ओर भागा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान करन के रूप में हुई।
जांच में पता चला कि वह पहले वाहन चोरी के 37 मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। साथ ही, 300 से अधिक वारदात में शामिल रहा है। करन ने बताया कि वह ज्यादातर वाहन दक्षिण दिल्ली से चोरी करके मुजफ्फरनगर में दिलशाद को बेचता है।
इस गिरफ्तारी से सुलझ जाएंगे 48 मामले
करन की निशानदेही पर पुलिस ने दिलशाद को मुरादनगर में उसके घर से दबोच लिया। उसके पास से चोरी की कारें बरामद हुईं।
स्क्रैप का काम करने वाले दिलशाद ने पुलिस को बताया कि वह मुरादनगर, मेरठ और मुजफ्फरनगर में चोरी के वाहनों को काटकर बेच देता है। करन की गिरफ्तारी से पुलिस ने 48 मामले सुलझाने का दावा किया है।