शहर में सक्रिय ऑटो सवार बदमाश गैंग के सदस्यों ने एक बुजुर्ग को पीटकर उसके मोबाइल फोन और कुछ नकदी छीन कर भाग निकले।
5 सितंबर को हुई वारदात के बाद बुजुर्ग खुद ही बदमाशों की तलाश में जुट गया। कुछ सुराग नहीं मिलने पर शुक्रवार को उन्होंने सेक्टर सात में रिपोर्ट दर्ज कराई।
भीकम कॉलोनी में रहने वाले 65 वर्षीय रामचंद्र 5 सितंबर की रात किसी जरूरी काम से घर से निकले थे। सेक्टर 3 बाईपास पर
उन्होंने एक ऑटो पकड़ा। ऑटो में पहले से ही चार युवक बैठे थे।
रामचंद्र के मुताबिक आटो थोड़ी ही दूर चला था कि चारों लड़कों ने उन्हें पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। जान से मारने का डर दिखा कर लड़कों ने उनके कपड़ों की तलाशी ली।
उनका फोन और कुछ रुपये लेने के बाद बदमाशों ने उन्हें ऑटो से उतार दिया और फरार हो गए। बदमाशों की तलाश में वह कई दिन ऑटो स्टैंड और बाईपास रोड पर सेक्टर तीन के पास खड़े होने वाले ऑटो को चेक करते रहे लेकिन सफलता नहीं मिली।
एसएचओ सेक्टर सात इंस्पेक्टर भारत सिंह ने बताया कि पंद्रह दिन पहले हुई घटना का केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।