रंगाला-राजपुर गांव में बच्चों में हुई मामूली कहासुनी के बाद गांव की दलित सरपंच के घर दबंगों द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला प्रकाश में आया है।
दलित सरपंच के परिजनों का आरोप है कि उन्हे जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। जानलेवा हमले में सरपंच का पिता, मां व भाई राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जा गया गया है।
बता दें कि रंगाला-राजपुर, धमाला एवं चकरंगाला गांव की धमाला ग्राम पंचायत है। धमाला ग्राम पंचायत की दलित सरपंच सीमा रानी है। बताया जा रहा है कि रंगाला राजपुर गांव में उसके परिवार के बच्चों एवं गांव के कुछ दबंगों के बच्चों के बीच मंगलवार की शाम को कहासुनी हो गई थी।
मामूली सी कहासुनी ने बड़ी लड़ाई का रूप धारण कर लिया। आरोप है कि कहासुनी के बाद दबंगों ने सरपंच सीमा रानी के घर पर रात करीब आठ बजे लाठी डंडों से जानलेवा हमला बोल दिया। इस जानवेला हमले में सरपंच का पिता रामफल, मां मूर्ति देवी तथा भाई राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को रात में ही उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया।
डा. नीतीश अग्रवाल ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। दबंगों द्वारा किए गए जानलेवा हमले के बाद से सरपंच का परिवार दहशत में है। समाचार लिखने तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि बच्चों की कहासुनी को लेकर सरपंच के परिवार पर हमला किया गया था। मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर किया जाएगा।