उधार के पचास हजार रुपये वापस मांगने से गुस्साए पड़ोसी ने आदर्श नगर निवासी भीष्म की हत्या पर बीयर की टूटी बोतल से जान लेवा हमला कर दिया। मौके पर पहुंचे कुछ दोस्तों ने हमलावर से भीष्म को बचाया और लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। सिटी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
छोटा मोटा धंधा कर कमाई करने वाले भीष्म के मुताबिक उसके पड़ोस मे अशोक नाम का युवक काफी समय से किराए पर रह रहा है। पड़ोसी होने की वजह से उसकी अशोक से दोस्ती हो गई थी। करीब 11 महीने अशोक अपनी मजबूरी बता उससे 50 हजार रुपये दो महीने में वापस करने का वादा कर उधार ले गया था।
काफी दिन बीतने पर भी अशोक ने रुपये वापस नहीं किए तो दो माह पहले भीष्म से उससे तकादा किया। आरोप है कि पहले तो अशोक टालता रहा लेकिन 15 दिन पहले उसने रुपये देने से साफ इनकार कर दिया। बुधवार को भीष्म अपने साले प्रवीन, दोस्त ज्ञानेन्द्र के साथ एक दोस्त के कार्यालय में बैठे थे।
प्रवीन सिगरेट लेने चला गया, आरोप है कि इस दौरान अशोक हाथ में बीयर की बोतल लेकर वहां पहुंच गया। आते ही अशोक ने उसे रुपये मांगने की बात को लेकर धमकी देनी शुरू कर दी। उसने विरोध किया तो अशोक ने बीयर की बोतल जमीन पर पटक कर तोड़ी और टूटी हुई बोतल से उसके पेट में ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
मदद के लिए चीखते हुए भीष्म लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। प्रवीन और ज्ञानेंद्र ने अशोक को किसी तरह रोका, दोनों साथी घायल भीष्म को उठाने लगे इस दौरान आरोपी फरार हो गया। भीष्म का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। एसएचओ सिटी इंस्पेक्टर योगवेंद्र ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।