रात में दादी के डांटने पर सोमवार सुबह एक युवक ने दुकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के पिता ने आत्महत्या में तहरीर दी है।
दयापुरी कालोनी निवासी जगवीर की गुरुद्वारा रोड पर स्थित इंदिरा मार्केट में बेसमेंट में हरिकृष्ण बैंड के नाम से दुकान है। जगवीर ने बताया कि रविवार रात मनीष शराब के नशे में घर आया था।
इस पर दादी कमलेश ने उसे डांट दिया था। इस बात से मनीष गुस्से में था। सोमवार सुबह रोजाना की भांति उसने साढ़े दस बजे दुकान खोली।
दोपहर में डेढ़ बजे हनी खाना लेकर दुकान पर पहुंचा तो दुकान का शटर गिरा देख उसे शक हुआ और उसने जैसे ही शटर उठाया तो सामने मनीष को पंखे पर लटका देख उसकी चीख निकल गई।
शोर सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ के अनुसार पुलिस मामले की जांच कर रही है।