दिल्ली में ट्रक चालक को जब उसके मालिक ने एडवांस सेलरी नहीं दी तो उसने लूट की झूठी कहानी गढ़ दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस के अनुसार, गांव भवानीपुर, जिला बदायूं (यूपी) निवासी ट्रक ड्राइवर मुन्नाजीर (28) ने 22 अप्रैल को पुलिस को लूट की सूचना दी थी। उसने बताया था कि रात दस बजे जब वह आईसीडी डिपो, तुगलकाबाद से निकल रहा था तो चार युवकों ने उससे 25 हजार रुपये लूट लिए।
मामला दर्जकर पुल प्रह्लादपुर थानाध्यक्ष धर्मदवे की टीम ने तफ्तीश शुरू की। छानबीन में मुन्नाजीर के बयानों में विरोधाभास मिला। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने सारी सच्चाई बता दी।
मुन्नाजीर ने बताया कि उसने मालिक से बहन के इलाज के लिए एडवांस सेलरी मांगी थी, लेकिन उसे मना कर दिया गया। जब उसे दिल्ली से बाहर ट्रक ले जाने के 25 हजार रुपये दिए गए तो उसने लूट की झूठी कहानी गढ़ दी। उसने 25 हजार रुपये अपने छोटे भाई बाशिर को दे दिए थे।