हापुड़ रोड पर इंग्राहम स्कूल के पास सड़क किनारे चल रही युवती पर अश्लील कमेंट्स करना युवक को भारी पड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो युवती ने आरोपी को धुना। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसएचओ कविनगर ने बताया कि रजापुर निवासी युवती बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे परिजनों के साथ राजनगर से घर लौट रही थी। युवती का आरोप है कि इंग्राहम स्कूल के पास खड़े राजनगर निवासी राजू शर्मा ने अश्लील कमेंट्स और इशारे किए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि छात्रा ने शोर मचाकर भीड़ जमा कर ली। इस दौरान चेकिंग कर रही पुलिस भी वहां पहुंच गई। छात्रा ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे कई थप्पड़ रसीद कर दिए।
घिरा देख युवक ने वहां से भागने की कोशिश की, मगर पुलिसवालों ने उसे पकड़ लिया और थाने ले गए। बाद में उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि छात्रा ने पुलिस से शिकायत की थी, उसी पर आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया। मारपीट की नौबत नहीं आई।