नहेदा निवासी मृतक साहिब के पिता शहीद की शिकायत पर पुलिस कप्तान नाजनीन भसीन के आदेश पर एसआई परमेश्वरदत्त, सुमेश पुन्हाना शहर चौकी प्रभारी बच्चू सिंह, एसआई सीआईए प्रभारी पुन्हना जितेन्द्र, एसआई बिजेन्दर सिंह व धर्मेन्द्र, एएसआई जगदीश, मुकेश व सतवीर हवलदार अमर सिंह, जीतराम, प्रेम, मनोज व धर्मेंद्र, सिपाही राजू, महेन्द्र, राजेश कुमार, होमगार्ड इस्लामुद्दीन, एसपीओ जिले सिंह सीआईए स्टाफ पुन्हाना सहित उत्तराखंड पुलिस के 10-12 पुलिसकर्मियों के खिलाफ पुन्हाना थाने में पहले से दर्ज साहिब की हत्या की एफआईआर में डीडी नंबर 18 काटकर इन सभी को आरोपी बनाया गया है।
पंचायत कमेटी के सदस्यों की मांग पर साहिब के शव का दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पंचायत की इस बात पर एसपी ने परिजनों से एक लिखित शिकायत ली है जिस पर सफदरजंगअस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के लिए डीसी से आदेश लिए जाएंगे।
दूसरे दिन भी पंचायत में नहीं पहुंचे मंत्री रहीस खान
साहिब की हत्या के मामले को चल रही पंचायत और धरने में पुन्हाना से विधायक रहीश खान दूसरे दिन भी नहीं पहुंचे जबकि धरने पर पूर्व मंत्री विधायक और इलाके के प्रमुख लोगों ने पहुंचकर समर्थन जताया। हरियाण वक्फबोर्ड के चेयरमैन एवं राज्य मंत्री रहीस खान के पंचायत में ना पहुंचने पर सोशल मीडिया पर उनकी गुमशुदगी जैसी पोस्ट कर युवा रोष जता रहे हैं।
एसपी ने किया घटना स्थल का दौरा
एसपी नाजनीन भसीन सुबह ही पुन्हाना पहुंच गई थी। उनके साथ पुन्हाना, नूंह ओर तावडू के डीएसपी सहित भारी अमला मौजूद रहा। एसपी ने गावं पटाकपुर और घटना स्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठित: एसपी
पुलिस कप्तान नाजनीन भसीन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि साहिब की हत्या के मामले में पहले से अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज है इसलिए दूसरा मामला दर्ज नहीं किया जा सकता है। पंचायत के लोगों की मांग पर 20 से अधिक पुलिसकर्मियों के खिलाफ साहिब की हत्या के मामले में डीडी काटी गई है।
वहीं पुलिस पर हमला कर आरोपी शब्बीर को छुड़ाने के मामले और साहिब की हत्या के लिए आरोपी बनाये गए पुलिस कर्मियों की निष्पक्ष जांच के लिए डीएसपी विरेंद्र सिंह, डीएसपी सुखबीर सिंह और दो इंस्पेक्टर सहित कई सदस्यों की एसआईटी गठित की गई है जिसकी निगरानी वे खुद करेंगी।
पंचायत में कौन-कौन रहे शामिल
साहिब की हत्या के मामले पर दो दिन से चल रहे धरने पर पूर्व मंत्री आफताब अहमद, पूर्व मंत्री मोहम्मद इलयास, पूर्व डिप्टी स्पीकर आजाद मोहम्मद, विधायक नसीम अहमद, विधायक जाकिर हुसैन, पूर्व विधायक हबीहुर्रहमान, सोहना से बसपा नेता जावेद अहमद, मामन खां इंजीनियर, जमीयत उलमा हिंद की नोर्थ जोन के सदर मोलाना याहया करीमी, सुभानखां, एजाज काटपुरी, सहाब खां, अखतर काटपुरी सहित इलाके के प्रमुख लोग मौजूद थे।