घर में सो रहे दंपति को नशीले पदार्थ के स्प्रे से बेहोश कर चोरों ने न्यायखंड दो के फ्लैट से लाखों का माल उड़ा लिया। स्प्रे का असर खत्म होने पर जब महिला को होश आया तो फ्लैट के मेन गेट की जाली कटी थी और दरवाजा खुला था। पुलिस ने शिकायत लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
नोएडा की निजी कंपनी में कर्मचारी तारकेश्वर प्रसाद न्यायखंड दो में अपने परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार तड़के करीब चार बजे अचानक उनकी पत्नी बिंदू की आंख खुली और वह पानी पीने के लिए बेडरूम से बाहर गईं।
बाहर देखा तो फ्लैट का मेन गेट खुला हुआ था। बाहर के गेट की जाली कटी हुई थी। बिंदू ने अपने पति को उठाया तो वे बेहोशी की हालत में थे और सोते रहे। पड़ोसियों की मदद से उन्होंने पति को उठाया।
उनकी बेटी को भी करीब दो घंटे बाद होश आया। पुलिस को मामले की सूचना दी गई जिसके बाद जांच शुरू की गई। चोर बेडरूम से सोने की अंगूठी, चेन व अन्य ज्वैलरी समेत 11 हजार रुपये की नगदी उड़ाकर फरार हो गए।
एसएचओ इंदिरापुरम राशिद अली ने बताया कि शुरुआती जांच में लग रहा है कि चोरों ने नशीला स्प्रे छिड़ककर दंपति को बेहोश कर घटना को अंजाम दिया है। मामले की जांच जारी है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
चोरी के नए तरीके अपना रहे चोर
नशीला स्प्रे करने के साथ ही चोर चोरी के नए तरीके अपना रहे हैं। गाड़ी के शीशे पर ठकठक कर ध्यान बंटाकर मोबाइल उड़ाना, ऑटो में सिगरेट का धुआं उड़ाकर लैपटॉप चुराना और दुकान में सामान दिखाने के बहाने कीमती सामान उड़ाना शामिल हैं। हाल के दिनों में सीबीआई अधिकारी बनकर महिलाओं से जेवरात उतरवाकर उनके साथ ठगी के मामले भी सामने आए हैं।
एकाउंटेंट के परिवार को बेहोश कर चोरी
विजयनगर थाना क्षेत्र के बहरामपुर में प्रफुल्ल के मकान से चोर 70 हजार की ज्वैलरी और 40 हजार रुपये चोरी कर ले गए। इस बाबत विजयनगर थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि प्रफुल नोएडा की प्राइवेट कंपनी में एकाउंटेंट हैं। सोमवार रात उनका परिवार सोया हुआ था, तभी चोर घर में घुसे और परिवार के लोगों को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर नगदी और ज्वैलरी उड़ा ले गए।