गोविंदपुरी थाना इलाके में रिश्ते में फूफा ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दी। उसने तीन वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसके निजी अंगों पर चोट मारकर लहूलुहान कर दिया।
इसके बाद उसने पीड़ित बच्ची को जलती हुई सिगरेट व बीड़ी से शरीर को कई जगहों से जला दिया। बच्ची के शरीर पर फफोले पड़े हुए हैं। गोविंदपुरी थाना पुलिस ने आरोपी फूफा व बुआ को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में पता लगा है कि आरोपी ने शराब के नशे में बच्ची के साथ इतना क्रूर व्यवहार किया है। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़ित बच्ची नैना (बदला हुआ नाम) अपने परिवार के साथ गोविंदपुरी क्षेत्र में रहती है।
वहीं पर नैना की बुआ मीना (बदला हुआ नाम) रहती है। चिराग दिल्ली का रहने वाला विक्रमजीत गुलिया उर्फ विक्की मीना के साथ लिव इन रिलेशन में रहता था।
फूफा के खिलाफ पहले से भी दर्ज है दुष्कर्म का मामला
पुलिस
- फोटो : प्रतीकात्मक चित्र
इस कारण नैना विक्रमजीत का फूफा बुलाती थी। विक्रमजीत तीन दिन पहले नैना को अपने घर ले आया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद उसने बच्ची के निजी अंगों पर चोट मार कर लहूलुहान कर दिया।
इसके बाद आरोपी ने जलती हुई सिगरेट से बच्ची के शरीर को कई जगहों से इस कदर जला दिया कि उसके शरीर फफोले हो गए। लहूलुहान बच्ची को एम्स में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अस्पताल प्रशासन की ओर से गोविंदपुरी थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो और चोट पहुंचाने जैसी कई धाराओं में मामला दर्जकर आरोपी विक्रमजीत को वारदात वाले दिन ही गिरफ्तार कर लिया था।
मामले को छिपाने के आरोप में नैना की बुआ को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। बुआ-फूफा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी विक्रमजीत के खिलाफ महरौली थाने में वर्ष 2011 में दुष्कर्म व अपहरण का मामला दर्ज है।