दनकौर के मोहम्मदपुर गुर्जर गांव के पास मतक युवती का शव देखते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर गुर्जर गांव के जंगल में महिला की हत्या कर शव फेंकने का मामला सामने आया है। शव की पहचान छिपाने के लिए चेहरा ईंट से कुचल दिया गया था। सोमवार सुबह शव बरामद होने के बाद उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस ने युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या का अंदेशा जताया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू की है। कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर गुर्जर गांव के जंगल में दनकौर जाने वाले रोड के किनारे सोमवार सुबह एक युवती के शव पड़े होने की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया। युवती के गले पर निशान थे और चेहरा बुरी तरह ईंट से कुचला हुआ था। वहीं, पुलिस का कहना था कि युवती की हत्या कहीं और की गई और पहचान छिपाने के लिए चेहरा ईंट से कुचला गया है।
शव के पास से ईंट भी पड़ी दिखाईं दीं। युवती के कपड़ों से 15 रुपये बरामद हुए हैं। कोतवाली प्रभारी फरमूद अली पुंडीर का कहना है कि युवती की मौत का कारण और दुष्कर्म के बारे में रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल युवती की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।