करावल नगर इलाके में चरित्र पर शक होने पर एक व्यक्ति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपने हाथ की नस काटकर खुदकुशी का प्रयास किया, लेकिन दर्द होने पर इरादा बदलकर वह थाने पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने महिला का शव कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले की तफ्तीश हो रही है। पुलिस के अनुसार, हीरालाल (32) पत्नी डॉली (28) और तीन बच्चों आकाश (9), दीपांशु (3) व बेटी माही (6) के साथ शिव विहार में रहता था। वह प्लंबर है।
शुक्रवार रात वह काम खत्म करने के बाद घर पहुंचा। पत्नी ने खाना नहीं बनाया था। इसे लेकर उनके बीच झगड़ा हो गया। गुस्से में हीरालाल ने पत्नी की पिटाई कर गला दबाकर हत्या कर दी।
उसके बाद वह रसोई में गया और चाकू लेकर अपने हाथ की नस काटने की कोशिश की, लेकिन दर्द होने पर वहां से भागकर थाने पहुंचा। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था इसलिए उसने गला दबाकर हत्या कर दी है।
पुलिस ने हीरालाल को हिरासत में लेकर उसके घर पहुंची, जहां कमरे में महिला का शव बिस्तर पर पड़ा था। मां की मौत से अंजान तीनों बच्चे शव के पास बैठकर खेल रहे थे।