दिल्ली पुलिस ने लोकनायक अस्पताल की नर्स निर्मला देवी (45) की हत्या का मामला सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक वकील को सोनीपत से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक सोनीपत निवासी विश्वबंधु (34) ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है। शादी का दबाव डालने से परेशान होकर उसने नर्स की हत्या कर दी थी।
मध्य जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आलोक कुमार ने बताया कि 20 सितंबर की रात खरखोदा (सोनीपत) निवासी आनंद ने बहन निर्मला की हत्या की सूचना पुलिस को दी थी। नर्स स्टाफ क्वार्टर में अकेली रहती थी। उसका शव बाथरूम से बरामद किया गया था। घर का सामान बिखरा मिला था।
आईपी इस्टेट थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने नर्स के मोबाइल नंबर की जांच की, जिसमें पता चला कि नर्स की अपने वकील विश्वबंधु से लगातार बात हो रही थी।
वारदात से पूर्व आरोपी ने नर्स से बात की थी, उसके बाद से उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था। तफ्तीश के दौरान पता चला कि विश्वबंधु निर्मला से मिलने के लिए उसके घर पर आता था और कई बार वहां ठहरता भी था। इन साक्ष्यों के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे दी नर्स को खौफनाक मौत
विश्वबंधु ने बताया कि सात साल पहले नर्स के पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस करने के दौरान उसकी मुलाकात निर्मला से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई। निर्मला चाहती थी कि पति से तलाक होने के बाद वह उससे शादी कर लेगा, लेकिन नवंबर 2013 में उसने दूसरी महिला से विवाह कर लिया।
इसके बाद निर्मला और वकील के बीच अनबन शुरू हो गई। नर्स उसे धमकी देती थी कि वह उसके वैवाहिक जीवन को खराब कर देगी। इस बात पर दोनों में कई बार झगड़ा हुआ था।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस ने बताया कि 17 सितंबर की रात विश्वबंधु नर्स से मिलने के लिए उसके स्टाफ र्क्वाटर पहुंचा। दोनों के बीच शादी की बात को लेकर कहासुनी होने लगी। इस दौरान नर्स बाथरूम गई। विश्वबंधु भी पीछे से पहुंचा और नर्स के सिर को तब तक पानी के टब में डुबो कर रखा,जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। पूरी तरह से आश्वस्त होने के लिए आरोपी ने टब को पानी से भर दिया था।