नई दिल्ली की नरेला पुलिस ने पति तेज बहादुर (45) की हत्या करवाने के आरोप में प्रेमा देवी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पति को प्रेमा के दो युवकों के संबंध होने की जानकारी मिल गई थी। वारदात में शामिल भूपेंद्र और विजय को पुलिस तलाश रही है।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्तूबर को नरेला फाटक के पास एक व्यक्ति का शव मिला। उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। उसके हाथ पर तेज बहादुर लिखा हुआ था।
शनिवार को नरेला थाने में कुछ लोगों ने खुद को तेज बहादुर का रिश्तेदार बताया और उसके दो माह से लापता होने की शिकायत की। थाना प्रभारी अभिनेंद्र जैन ने उन लोगों को फोटो दिखाया। रिश्तेदारों ने उसकी पहचान नरेला निवासी तेज बहादुर के रूप में की। दो माह से लापता होने के बावजूद पत्नी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई थी।
शक होने पर पुलिस ने तेज बहादुर की पत्नी प्रेमा देवी से पूछताछ की। पति की हत्या करवाने की बात स्वीकारते हुए उसने बताया कि वह चार बच्चों के साथ नरेला में रहती है। वह फैक्टरी में काम करती है। पति तेज बहादुर कौशांबी (गाजियाबाद) में रहता था।
फैक्टरी आने-जाने के दौरान उसके संबंध भूपेंद्र और विजय से संबंध हो गए। इसकी जानकारी मिलने पर तेज बहादुर ने पत्नी को दोनों ने दूर रहने को कहा था। साथ ही इस बात को लेकर दोनों के बीच अकसर झगड़ा होता था।
बेटे के सामने कर दी हत्या
झगड़े से परेशान प्रेमा ने दोनों युवकों के साथ मिलकर पति को ठिकाने लगाने की साजिश रची। 29 अक्तूबर की रात प्रेमा ने पति को शराब पिलाई और फिर अपने आठ साल के बेटे और पति के साथ रेलवे फाटक पर पहुंची।
यहां इंतजार कर रहे भूपेंद्र और विजय ने गला घोंटकर तेज बहादुर की हत्या कर दी। साथ ही पहचान मिटाने के लिए पत्थर से उसके चेहरे को कुचल दिया।
बच्चे ने पुलिस को बताया कि वह पिता के हत्यारों से इतना डर गया था कि उसने इस बारे में किसी को नहीं बताया। वहीं प्रेमा देवी से कोई तेज बहादुर के बारे में पूछता था तो वह उसके गांव जाने की बात कहकर टाल देती थी।