सेक्टर-12 में लगने वाली सब्जी मंडी में रेहड़ी, पटरी वालों से बदमाशों द्वारा अवैध रूप से उगाही करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को काबू किया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
क्राइम ब्रांच के एसीपी संजीव बल्हारा को सूचना मिली कि सेक्टर-12 में खाली जगह में लगने वाली सब्जी मंडी लगती में कुछ बदमाश किस्म के लोग रेहड़ी, पटरी वाले दुकानदारों को डरा-धमकाकर अवैध रूप से उगाही करते हैं।
इस सूचना पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 की पुलिस टीम ने रेड की तथा रेहड़ी वालों से उगाही करते हुए अभिषेक रस्तोगी को काबू कर लिया। अभिषेक यूपी के जिला बरेली के गांव रामनगर का रहने वाला है।
आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में केस दर्ज कर न्यायालय में पेश करके भोंडसी जेल भेज दिया गया है। आरोपी से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि गांव झाड़सा निवासी बदमाश रेहड़ी-पटरी पर सब्जी बेचने वाले दुकानदारों को धमकाकर प्रति रेहड़ी 100 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से उगाही करते थे।
एसीपी बल्हारा का कहना है कि अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि अवैध रंगदारी या उगाही किए जाने की शिकायत तुरंत पुलिस को करें।