फरीदाबाद नगर निगम सभागार के सामने स्थित मार्केट में हथियारबंद बदमाशों ने एक गारमेंट शो रूम में कैश कलेक्शन एजेंट से आठ लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। लूट की यह वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमों ने मौके पर पहुंच कर तहकीकात शुरू कर दी है।
एनआईटी तीन ए ब्लॉक मार्केट में पहली मंजिल पर बीबा रेडिमेड गारमेंट का शोरूम है। शोरूम मैनेजर कमल कुमार के मुताबिक, कंपनी का मुख्यालय छतरपुर में है। रोजाना होने वाली बिक्री का पैसा रेडिएंट कैश मैनेजमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी के जरिये मुख्यालय भेजा जाता है।
रेडिएंट की ओर से कैश कलेक्ट करने रोजाना कोई न कोई एजेंट आता है। मंगलवार दोपहर 1:40 बजे रेडिएंट की ओर से नवीन नामक एजेंट रुपये लेने आया। उसके पीछे दो और युवक शोरूम में दाखिल हो गए। एक युवक हेलमेट लगाए था, जबकि दूसरे ने अंगोछे से मुंह छिपा रहा था।
दोनों ने तमंचा निकाला तो काउंटर पर खड़ी सेल्सगर्ल आशिना ने शोर मचाना शुरू कर दिया। तमंचा देख शोरूम में मौजूद कर्मचारी सौरभ, परवेश कुमार सहित चार-पांच महिला ग्राहक दहशत में आ गए। एक बदमाश ने शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों बदमाशों ने नवीन का रुपयों भरा बैग छीना और फरार हो गए।
नवीन कुमार के मुताबिक, बैग में कई अन्य शोरूम और संस्थाओं से वसूल कर लाए गए करीब आठ लाख रुपये थे। बदमाशों के जाते ही आशिना ने 100 नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी। थोड़ी ही देर में कोतवाली प्रभारी सुरेश भड़ाना और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
एसएचओ सुरेश भड़ाना ने बताया कि बदमाश कितनी रकम ले गए इसकी जानकारी की जा रही है। पीड़ित नवीन कुमार ने जहां-जहां से सोमवार को पैसे कलेक्ट किए थे, वहां से डिटेल मांगी गई हैं, क्योंकि बैग में नकदी के साथ रसीदें भी चली गईं।
रेकी कर वारदात अंजाम देने की आशंका
रेडिएंट का कलेक्शन एजेंट नवीन बाइक से बीके चौक की ओर से मार्केट पहुंचा, जबकि लाल बाइक पर सवार बदमाश मेट्रो चौक की ओर से आए। माना जा रहा है कि बदमाशों ने रेकी की होगी और वारदात अंजाम देने के लिए नवीन का पीछा करते हुए ही मार्केट पहुंच गए होंगे। बदमाशों ने शोरूम के कैश काउंटर में रखे करीब बीस हजार रुपये नहीं छुए, सीधे नवीन का बैग झपटा और फरार हो गए। पुलिस को अंदेशा है कि वारदात में कैश कलेक्शन कंपनी के किसी कर्मचारी का हाथ है। सेल्सगर्ल ने भी हुलिए के आधार पर एक बदमाश की पहचान कैश कलेक्शन कंपनी के एक पुराने एजेंट के रूप में की है, जो फिलहाल नौकरी छोड़ चुका है। एसएचओ इंस्पेक्टर सुरेश भड़ाना ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।