शाहदरा जिला पुलिस ने 62 साल के एक ऐसे मिस्टर नटवरलाल को दबोचा है जो बैंक से ग्राहकों की पासबुक चुराकर उनके खातों से रुपये निकाल लेता था। पकड़े गए आरोपी की पहचान अशोक कुमार (62) के रूप में हुई है।
पुलिस की मानें तो आरोपी पासबुक पर ग्राहक द्वारा किए हस्ताक्षर की नकल करके निकासी पर्ची (विडरॉल स्लिप) से रुपये निकाल लेता था। मामला दर्ज कर पहले सीसीटीवी से आरोपी की पहचान की गई। बाद में अगले दिन बैंक में दोबारा रुपये निकालने आए शातिर ठग को दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से चुराई गईं छह पासबुक, एक एटीएम फॉर्म, दो निकासी पर्ची व एक ग्राहक के खाते से निकाले गए नौ हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।